जेपी चौक के पास सड़क हादसे में BSP कर्मी घायल, अवैध ट्रक पार्किंग पर उठे सवाल

जेपी चौक के पास सड़क हादसे में BSP कर्मी घायल, अवैध ट्रक पार्किंग पर उठे सवाल


भिलाईनगर, 02 अगस्त 2026। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस-1 में कार्यरत कर्मचारी रूप सिंह शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वे द्वितीय पाली की ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान जेपी चौक और जवाहर उद्यान के बीच नाले के पास सड़क हादसा हो गया।

स्थानीय लोगों और संयंत्र कर्मियों का कहना है कि जेपी चौक मार्ग पर इन दिनों सड़क किनारे भारी वाहनों और ट्रकों की अवैध पार्किंग लगातार बढ़ती जा रही है। इससे सड़क संकरी हो गई है और रात के समय आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी अव्यवस्था के कारण रूप सिंह हादसे का शिकार हुए। उनका उपचार जारी है।

कर्मियों ने जताई चिंता

बीएसपी कर्मियों ने आरोप लगाया कि जेपी चौक मार्ग पर ट्रकों की लंबी कतारें लगने से रोजाना सैकड़ों कर्मचारी जोखिम उठाकर ड्यूटी पर आने-जाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारे खड़े ट्रकों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

कर्मचारियों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि इस मार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

फिलहाल, इस दुर्घटना को सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अवैध ट्रक पार्किंग को लेकर एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कदम नहीं उठाए, तो यह मार्ग और भी बड़े हादसों का कारण बन सकता है।