🔴577 टावरों की मंजूरी पर केंद्र का आभार
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 31 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, जनजातीय और सीमावर्ती क्षेत्रों को मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर डिजिटल भारत निधि (DBN) योजना के तहत प्रदेश में 2,305 नए मोबाइल टावरों को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को प्रदेश के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क अब केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सुशासन की आधारशिला बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों के लिए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति देने पर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत 577 टावरों में से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 88 स्थानों के लिए भी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। जिन स्थानों पर अनुमति मिल चुकी है, वहां बीएसएनएल ने टावर स्थापना का कार्य भी शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मोबाइल टावर स्थापित होने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, ग्रामीणों को टेलीमेडिसिन, किसानों को कृषि संबंधी डिजिटल जानकारी, महिलाओं और युवाओं को रोजगार व कौशल विकास के अवसर तथा आम नागरिकों को बैंकिंग और शासकीय सेवाओं का लाभ घर के नजदीक ही मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ अब डिजिटल कनेक्टिविटी भी राज्य के समावेशी विकास का महत्वपूर्ण आधार बन रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2,305 नए मोबाइल टावरों को मंजूरी मिलने से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी और प्रदेश डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएगा।

