हेमचंद यादव दुर्ग विवि के कुलसचिव को नोटिस, जवाब का आज आखिरी दिन

हेमचंद यादव दुर्ग विवि के कुलसचिव को नोटिस, जवाब का आज आखिरी दिन


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 30 जुलाई 2026। दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को उच्च शिक्षा संचालनालय ने कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। यानी आज जवाब देने का अंतिम दिन होगा।

इससे पहले एक उच्च स्तरीय समिति ने उन पर शासकीय कार के दुरूपयोग के लगे आरोपों की जांच की थी।

इनमें विश्वविद्यालय पुल की कार के कथित दुर्घटनाग्रस्त होने उसकी मरम्मत में अनियमितता और शासकीय राशि के उपयोग जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे।

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय कार्यालय, उच्च शिक्षा दुर्ग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आयुक्त, उच्च शिक्षा संचालनालय ने 23 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि प्रथम दृष्टया जांच में कई बिंदुओं पर अनियमितताएं सामने आई हैं और संबंधित अधिकारी से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सूत्रों का कहना है

कि जांच रिपोर्ट में इन बिंदुओं को गंभीर माना गया है और इन्हें वित्तीय एवं प्रशासनिक लापरवाही की श्रेणी में रखा गया है।

नोटिस में इन आरोपों पर मांगा गया जवाब

विभागीय सूत्रों के अनुसार कारण बताओ नोटिस में कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप से 5 बिंदुओं में जवाब मांगा गया है।

इसमें शासकीय वाहन CG-02-6681 का नियमों के विपरीत निजी उपयोग, दुर्घटनाग्रस्त वाहन की मरम्मत में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना विश्वविद्यालय की शासकीय राशि का उपयोग, वाहन की मरम्मत के बाद भी बीमा दावा (इंश्योरेंस क्लेम) नहीं कराने का आरोप, सरकारी वाहन के मेंटेनेंस पर आवश्यकता से अधिक खर्च किए जाने को लेकर सवाल और दुर्घटना के बाद वाहन को सीधे अधिकृत प्रक्रिया के बजाय निजी स्तर पर मरम्मत कराए जाने और भुगतान प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका को लेकर जवाब मांगा गया है।