सीजी न्यूज ऑनलाइन, 29 जुलाई 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लात नाला में हुए दर्दनाक हादसे का बुधवार को दुखद अंत हो गया। रविवार शाम तेज बहाव के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई थी। कार में घोठला के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल सवार थे। हादसे के बाद से दोनों लापता थे।
घटना के बाद NDRF, SDRF और DDRF की टीमें लगातार तीन दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं, लेकिन वाहन और दोनों का पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार देर रात पंजाब से निजी गोताखोरों की एक विशेषज्ञ टीम सारंगढ़ पहुंची। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में पानी के भीतर वाहन की लोकेशन का पता लगा लिया।
प्रशासन, रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रस्सियों के सहारे कार को नाले से बाहर निकाला गया। कार के भीतर पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल के शव मिले। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रेस्क्यू अभियान में शामिल अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने निजी गोताखोरों की टीम के प्रयासों की सराहना की। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय नागरिकों ने दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनते नालों और जलमग्न मार्गों को पार करने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

