बारिश से महमरा एनीकट पर बढ़ा जलस्तर, साढ़े चार फीट ऊपर बह रहा पानी

बारिश से महमरा एनीकट पर बढ़ा जलस्तर, साढ़े चार फीट ऊपर बह रहा पानी



🔴एनीकट मार्ग से आवागमन बंद

दुर्ग, 29 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर बने महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े चार फीट पानी बह रहा है, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से दुर्ग से महमरा गांव जाने वाले एनीकट मार्ग को बंद कर दिया है।

जल संसाधन विभाग के एसडीओ गौरव सिंह ने बताया कि शिवनाथ नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी में पानी की आवक बढ़ी है, जिससे एनीकट का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल किसी भी जलाशय से पानी नहीं छोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि यदि देर रात तक जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाता है तो शिवनाथ नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में एनीकट के ऊपर पानी का बहाव और तेज होने की संभावना है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बंद किए गए मार्ग से आवागमन करने का प्रयास न करें तथा नदी और एनीकट के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें। स्थिति पर जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।