खारून नदी में डूबे युवक का शव 16 घंटे बाद बरामद, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

खारून नदी में डूबे युवक का शव 16 घंटे बाद बरामद, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन


दुर्ग, 27 जुलाई 2026। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए युवकों में से एक युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात होने के कारण अभियान रोकना पड़ा, लेकिन दूसरे दिन सुबह दोबारा शुरू किए गए ऑपरेशन में युवक का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया।

12 दोस्तों के साथ गया था पिकनिक

जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे 12 दोस्तों का समूह ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने पहुंचा था। नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया, जिसके बाद साथियों ने तत्काल पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी।

रातभर रुका अभियान, सुबह फिर शुरू हुई तलाश

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह 5 बजे टीम फिर घटनास्थल पहुंची और दोबारा सर्च अभियान शुरू किया।

डीप डाइवर्स ने तेज बहाव में खोजा शव

एसडीआरएफ के डीप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव वाले पानी में गहरी डाइविंग कर सुबह करीब 9:05 बजे युवक का शव बरामद किया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अमलेश्वर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

रायपुर निवासी था मृतक

मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव (22 वर्ष), पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी, कमल विहार, रायपुर के रूप में हुई है।

इन जवानों ने निभाई अहम भूमिका

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। टीम में चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे, जिन्होंने लगातार अभियान चलाकर शव को बरामद किया।