दुर्ग, 26 जुलाई 2026। जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपियों को मोहन नगर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
देवभूमि लेआउट कार्यालय में हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे प्रार्थी विनय कुमार सिंह अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब के सिलसिले में देवभूमि लेआउट स्थित कार्यालय पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद आरोपियों से विवाद हो गया।
धारदार हथियार और मुक्कों से किया हमला
विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं। नरेंद्र सिंह बेहोश होकर मौके पर ही गिर पड़े।
24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिकायत दर्ज होने के बाद मोहन नगर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 07 CP 6008, एक मोटरसाइकिल और धारदार हथियार जब्त किए गए।
पुराने विवाद में रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन के लेन-देन और हिसाब-किताब को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से प्रार्थी पक्ष को कार्यालय बुलाकर सामूहिक हमला किया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की सिंह (41), रंजीत कुमार सिंह (43), रोशन लाल साहू (44), पप्पू कुमार सिंह (39) और विजय मेनन (40) शामिल हैं।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 115(2), 296, 351(3), 61(2) और 111 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी रखी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन, वित्तीय या व्यक्तिगत विवादों का समाधान कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से करें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

