सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) 2021 भर्ती परीक्षा के कथित पर्चा लीक और अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज कर दी है। ईडी ने इस मामले में प्रवर्तन मामला दर्ज (ईसीआईआर) कर जांच शुरू कर दी है और अब पीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी के आवेदन पर विशेष अदालत ने टामन सिंह सोनवानी का प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया है। वर्तमान में सोनवानी रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक अभिरक्षा में हैं। ईडी उनसे पूछताछ के लिए अदालत में कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी, ताकि मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
इधर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी इस मामले में जांच पूरी करते हुए पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी, पीएससी के पूर्व अधिकारियों और चयनित अभ्यर्थियों समेत कुल 29 आरोपियों के खिलाफ अंतिम आरोपपत्र (फाइनल चार्जशीट) न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
गौरतलब है कि सीजी पीएससी 2021 भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक और चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों की जांच पहले से सीबीआई कर रही है। अब ईडी की एंट्री के बाद मामले में कथित धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) और वित्तीय अनियमितताओं की भी गहन जांच की जाएगी।

