दुर्ग, 24 जुलाई 2026। हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 25 जुलाई, 2026 को शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के अमर वीरों के अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रीय चेतना का संचार करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री हर्षवर्धन त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार, नई दिल्ली उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में श्री विजय कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, डॉ. टोपलाल वर्मा, प्रांत सरसंघचालक तथा डॉ. अजय कुमार सिंह, प्राचार्य, शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी करेंगे। कार्यक्रम के सचिव विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री भूपेंद्र कुलदीप होंगे तथा संयोजक डॉ. दिनेश कुमार नामदेव हैं।
इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर बलिदानियों के अद्वितीय शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रसेवा की गौरवगाथा को स्मरण करते हुए उनकी स्मृतियों को पुनः जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा, जिससे वे जिम्मेदार एवं सजग नागरिक के रूप में समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण दुर्ग क्षेत्र से चयनित अग्निवीरों का सम्मान समारोह होगा, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों में चयनित युवाओं का सार्वजनिक अभिनंदन कर उनके साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प का सम्मान किया जाएगा। यह सम्मान समारोह युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
हेमचन्द यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने समस्त विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, पूर्व विद्यार्थियों एवं नागरिकों से इस राष्ट्रप्रेरक कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।

