कोर्ट ले जाते बेटी से यौन उत्पीड़न के आरोपी पिता ने भागने की कोशिश

कोर्ट ले जाते बेटी से यौन उत्पीड़न के आरोपी पिता ने भागने की कोशिश


🔴पुलिस से धक्का-मुक्की; एक और केस दर्ज

भिलाई नगर, 22 जुलाई 2026। अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ कथित यौन उत्पीड़न और मारपीट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पिता ने न्यायालय ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और अपराध दर्ज किया है।

खुर्सीपार थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट ने बताया कि आरोपी को अपनी नाबालिग बेटी के साथ यौन उत्पीड़न एवं मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए पुलिस टीम थाना खुर्सीपार से दुर्ग न्यायालय लेकर जा रही थी।

इसी दौरान आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से फरार होने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। हालांकि पुलिस की सतर्कता से उसका भागने का प्रयास विफल कर दिया गया और उसे सुरक्षित न्यायालय में पेश किया गया।

घटना के संबंध में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की शिकायत पर खुर्सीपार थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 221, 226 एवं 262 के तहत एक और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।