भिलाईनगर, 21 जुलाई 2026। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर सोमवार रात हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम राव (32 वर्ष), पिता एम. रमेश राव, निवासी एचएससीएल कॉलोनी, तेल्हा नाला, खुर्सीपार के रूप में हुई है।
मर्ग सूचना के अनुसार, गौरव ठाकुर अपने मौसा श्याम राव और दोस्त कुश नेताम के साथ मोटरसाइकिल (सीजी 04 एलएच 3204) से मौहारी मरौदा से खुर्सीपार जा रहे थे। रात करीब 8:15 बजे जब वे जेपी प्लांट चौक और जवाहर गार्डन के बीच पंप हाउस के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गौरव ठाकुर और कुश नेताम सड़क किनारे जा गिरे, जबकि श्याम राव हाईवा के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। सूचना के आधार पर भिलाई नगर थाना में मर्ग क्रमांक 48/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

