सीजी न्यूज ऑनलाइन, 20 जुलाई 2026। बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक शिक्षक की हत्या कर दी गई। स्कूल जा रहे हेडमास्टर पर उनके ही दो चचेरे भाइयों ने हथौड़े और चाकू से हमला कर गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, त्रिकुंडा के राधानगर निवासी जयकरन जगते ग्राम धमनी कुमीहा स्थित विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे वे रोज की तरह मोटरसाइकिल से स्कूल के लिए निकले थे। घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले हथौड़े और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे जयकरन मोटरसाइकिल से गिर पड़े। इसके बाद चाकू से उनका गला रेत दिया गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

