🔴बेटिंग ऐप प्रमोशन और हवाला नेटवर्क की जांच तेज
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 17 जुलाई 2026। महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े कथित ₹6,000 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रायपुर जोनल ऑफिस ने टीवी होस्ट, पत्रकार और पूर्व ‘बिग बॉस 13’ प्रतिभागी शेफाली बग्गा से दूसरे दिन भी लंबी पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को भी शेफाली बग्गा ईडी कार्यालय पहुंचीं, जहां पिछले तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ जारी रही। इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई थी।
ईडी ने शेफाली बग्गा को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 50 के तहत समन जारी कर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है।
बेटिंग ऐप के प्रचार और टेलीग्राम चैनल संचालन के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं जिनसे आरोप है कि शेफाली बग्गा ने अपने सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया। जांच में एक ऐसे टेलीग्राम चैनल की भी पड़ताल की जा रही है, जहां कथित तौर पर लाइव बेटिंग टिप्स, कैश-आउट निर्देश, प्रॉफिट कॉल और जीत की रकम निकालने के दावे साझा किए जाते थे।
ईडी का दावा है कि इस प्रचार के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रयास किया गया।
दिल्ली में छापे के बाद जांच हुई तेज
ईडी ने 30 मई को शेफाली बग्गा के दिल्ली स्थित आवास पर तलाशी कार्रवाई की थी। जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान 30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। ईडी का आरोप है कि यह राशि कथित तौर पर बेटिंग ऐप्स के प्रचार से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी किसी अदालत का अंतिम निर्णय नहीं आया है।
परिवार और करीबी संपर्कों की भी जांच
जांच एजेंसी शेफाली बग्गा के पिता विपिन बग्गा और भाई शिवांश बग्गा से भी पूछताछ कर चुकी है। उनसे बरामद नकदी के स्रोत और कथित प्रचार गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई है।
इसके अलावा ईडी जगदीश कुमार उर्फ खंजन ठक्कर, जिसे महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़ा कथित हवाला ऑपरेटर माना जा रहा है, से शेफाली बग्गा के संबंधों की भी जांच कर रही है। साथ ही स्काईएक्सचेंज से जुड़े हरीशंकर तिबरेवाल के साथ कथित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
हवाला और मनी ट्रेल की कड़ियां खंगाल रही ईडी
सूत्रों के अनुसार, ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या सेलिब्रिटी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार कर बड़ी संख्या में लोगों को इन ऐप्स से जोड़ा गया और बाद में उससे प्राप्त धन को हवाला, शेल कंपनियों तथा अन्य वित्तीय माध्यमों से खपाया गया।
ईडी अब शेफाली बग्गा के बयान का मिलान जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों, बैंक रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और पहले दर्ज किए गए बयानों से कर रही है। जांच एजेंसी का उद्देश्य कथित भुगतान, प्रचार व्यवस्था और महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े मनी ट्रेल का खुलासा करना है।
नोट: ईडी द्वारा लगाए गए आरोप जांच का हिस्सा हैं। इन आरोपों पर अभी न्यायालय द्वारा कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया गया है।

