भिलाईनगर, 16 जुलाई 2026। नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में स्कूली छात्रों को चाकू दिखाकर नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को प्रार्थिया ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भतीजा एम. लक्ष्मण रेड्डी अपने साथियों निशांत साहू और दिलेश वारिक के साथ स्कूल से लौटते समय नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में रुका था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और स्वयं को इलाके का “दादा” बताते हुए धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए छात्रों से नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 997/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 304, 351(3) और 3(5) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर शिवा नाग (18 वर्ष 5 माह), निवासी रेशम आवास एल/6, अंबेडकर भवन के सामने, नेहरू नगर, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने राह चलते छात्रों को भयभीत कर धारदार हथियार के बल पर नकदी और मोबाइल लूटने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में लूटे गए सामान की बरामदगी की कार्रवाई जारी है तथा फरार अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस ठाकुर, उप निरीक्षक अजय शंकर अविनासी, प्रधान आरक्षक गंगाराम रावत, प्रकाश चंद्र तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

