🔴बारिश का पानी भरने से हुआ हादसा
सीजी न्यूज ऑनलाइन 17 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तीन बच्चों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि खुदाई के बाद गहरे गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
डोंगरगढ़ विकासखंड की घटना
घटना बुधवार की है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र के गांधीनगर गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय एक बच्चा और आठ-आठ वर्ष के दो सगे भाई खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और कई घंटे की खोजबीन के बाद रात में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे से तीनों के शव बरामद किए।
अधिकारी ने बताया कि यह गड्ढा कुछ महीने पहले किसी काम के लिए मिट्टी खोदे जाने के कारण बना था। हाल में हुई बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था। अधिकारी ने बताया कि तीनों शव देर रात बरामद किए गए और पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए गए। अधिकारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा।
रेलवे ने किया था गड्ढा
जानकारी के अनुसार, यह गड्ढा रेलवे निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी निकालने के बाद ठेकेदार ने खुला छोड़ दिया था। जो बारिश में पानी से भर गया। घटना बोरतालाव थाना क्षेत्र के आश्रित ग्राम गांधीनगर की है।
▪️रेलवे ने खोदा था मिट्टी निकालने के लिए गड्ढा
▪️गड्ढे में डुबाने से तीन बच्चों की हुई मौत
▪️हादसे के बाद ग्रामीणों में फैला आक्रोश
▪️पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हड़ताल के कारण स्कूल नहीं जा रहे थे शिक्षक
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की हड़ताल के कारण बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने की व्यवस्था नहीं थी। सामान्य दिनों में शिक्षक ही बच्चों को घर से स्कूल लेकर आते और वापस छोड़ते थे। हड़ताल के चलते बच्चे स्कूल नहीं गए और इसी दौरान यह हादसा हो गया।

