पूर्व पार्षद का कान पकड़ निकला जुलूस, मोबाइल शॉप में की थी लूट, विरोध करने पर दुकानदार को मारा था उस्तरा
भिलाई नगर, 21 सितंबर। दुर्ग में लंबे समय से फरार पूर्व पार्षद को उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पार्षद ने फरारी के दौरान कुछ दिन पहले एक मोबाइल दुकान में लूट करने के बाद दुकानदार पर उस्तरे से हमला कर दिया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के कान पकड़वाए और शहर की सड़कों पर उनका जुलूस भी निकाला। इसके बाद सभी को कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व पार्षद अजय दुबे के खिलाफ अलग-अलग थानों में मारपीट, हत्या की धाराओं सहित कुल 23 मामले दर्ज हैं। पिछले साल दिसंबर में उसे जिला बदर भी किया गया था।
तीन दिन पूर्व रात करीब 8 बजे दुर्ग के पचरीपारा निवासी पूर्व पार्षद अजय दुबे अपने दो अन्य साथियों के साथ संतराबाड़ी निवासी दिपेश व आकाश के साथ महाराजा चौक स्थित मोबाइल शॉप में घुसा और 10 हजार रुपए लूट लिए। विरोध करने पर दुकानदार रोहित गुप्ता को उस्तरा मार दिया। इसके चलते रोहित के चेहरे, जांघ और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने पहले इसमें लूट का मामला दर्ज किया था, अब हत्या के प्रयास की धाराएं भी लगाई हैं। दुकान में लूट और संचालक पर हमला करने के बाद भी आरोपी पूर्व पार्षद सोशल मीडिया पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था जबकि घटना के बाद से पुलिस उसे फरार मान रही थी। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने सभी आरोपियों को मालवीय नगर निवासी राहुल सिंह के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने संरक्षण देने पर राहुल को भी आरोपी बनाया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के कान पकड़वाए और शहर की सड़कों पर उनका जुलूस निकाला।
पूछताछ में आरोपी पूर्व पार्षद ने बताया कि रोहित का जीजा विजय चांडक उसका 80-90 लाख रुपए लेकर भाग गया है। काफी कोशिश के बाद भी जब रुपए नहीं मिले तो उसने रोहित पर हमला किया।

