पुरानी रंजिश ने ली जान : कुंदरापारा दुर्ग में युवक की ईंट पत्थरो से सिर कुचलकर हत्या

पुरानी रंजिश ने ली जान : कुंदरापारा दुर्ग में युवक की ईंट पत्थरो से सिर कुचलकर हत्या


🔴11 जुलाई की मारपीट बनी खूनी संघर्ष की वजह, 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 13 जुलाई 2026। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंद्रापारा में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। घटना की शुरुआत 11 जुलाई को हुई मारपीट से हुई थी। देवेंद्र बघेल (28), निवासी कुंद्रापारा पोटिया चौक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 10 बजे गुटखा और बीड़ी लेने जाते समय लेखराम कोठारी और बल्ला कोठारी ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ हाथ-मुक्कों, बेल्ट और धारदार हथियार से मारपीट की। इस मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 418/2026 दर्ज कर आरोपी लेखराम कोठारी और बल्ला कोठारी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 118(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जेल से छूटने के बाद फिर भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के जेल से छूटने के बाद कुंद्रापारा के चेलक मोहल्ले में चेलक समाज और कोठारी पक्ष के लोगों के बीच तनाव फिर बढ़ गया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

ईंट-पत्थरों से हमला, मौके पर हुई मौत

12 जुलाई को रात लगभग 9 से 9:30 बजे के बीच कुंद्रापारा में लेखराम उर्फ सूर्या कोठारी (22) पर कई लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण लेखराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हमले में दो अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

शव को भेजा गया मॉर्च्युरी, भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुरुष एवं महिला बल बुलाया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा गया।

6 आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी

नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या की वजह सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों—लक्ष्मी चेलक, आकाश चेलक, सत्यम चेलक, प्रकाश चेलक, शेर चेलक और देवचरण चेलक (पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की सूची के अनुसार) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

तीन साल पुराना विवाद फिर बना हिंसा की वजह

पुलिस के मुताबिक चेलक और कोठारी के बीच करीब तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश की कड़ी में यह खूनी वारदात हुई है।

मृतक पर पहले भी दर्ज थे कई मामले

पुलिस के अनुसार, मृतक लेखराम उर्फ सूर्या कोठारी आदतन अपराधी था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह पूर्व में जेल भी जा चुका था। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।