🔴24 घंटे में बेनकाब हुआ ‘लव मर्डर’ का आरोपी,
भिलाईनगर, 12 जुलाई 2026। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में युवती की निर्मम हत्या के मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
कमरे में खून से लथपथ मिली थी युवती
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद थाना वैशाली नगर में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से 24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेही लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू (24 वर्ष), निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
बातचीत से इंकार करने पर रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा उससे बातचीत करने से इंकार करने पर उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। वह रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर आया और पहचान छिपाने के लिए दो शर्ट तथा पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था।
कमरे में विवाद होने पर आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया, फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया।
हथियार और बाइक बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा एवं उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

