🔴लगातार फोन कर करता था परेशान, चाकू से किए कई वार, वैशाली नगर पुलिस ने कराया क्राइम सीन रीक्रिएट
भिलाईनगर, 11 जुलाई 2026। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा खुशी साहू की एकतरफा प्यार के चलते निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी पिंटू साहू ने युवती के किराए के कमरे में घुसकर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और शनिवार को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पिंटू साहू पिछले करीब एक महीने से खुशी साहू को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल कर परेशान कर रहा था। खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे नाराज होकर आरोपी रायपुर से भिलाई पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।

चाकू से किए कई वार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी का खुशी से विवाद हुआ। इसके बाद उसने पहले गला दबाकर उसे बेसुध कर दिया और फिर चाकू से पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी के हाथ में भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह मौके से फरार होकर रायपुर भाग गया।
सहेली ने देखा खून से लथपथ शव
घटना के समय खुशी की सहेली बाथरूम में थी। बाहर आने पर उसने खुशी को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को सूचना दी गई। डायल-112 की मदद से खुशी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई को बताई थी आरोपी की हरकत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि खुशी ने करीब एक सप्ताह पहले अपने भाई को बताया था कि एक युवक अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई और उस कैफे संचालक को भी धमकी दी थी, जहां खुशी पार्ट-टाइम नौकरी करती थी। आरोपी चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़कर उससे शादी कर ले।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह रायपुर भाग गया, जहां से वैशाली नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश और तैयारी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या का मामला दर्ज
ग्राम कुम्ही, पोस्ट बारंगांव, थाना बेरला, जिला बेमेतरा निवासी चम्मन लाल साहू की रिपोर्ट पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत आरोपी पिंटू साहू के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को घटनास्थल ले जाकर क्राइम सीन भी रीक्रिएट कराया।
पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और मामले का आधिकारिक खुलासा भी किया जाएगा।

