CG News : चोरी के आरोप के बाद नाबालिग छात्रा ने की ख़ुदकुशी, दुकान सील

CG News : चोरी के आरोप के बाद नाबालिग छात्रा ने की ख़ुदकुशी, दुकान सील


🔴परिजनों का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 11 जुलाई। जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आरोप है कि मंगलवार को छात्रा सामान खरीदने के लिए आईसी मार्ट गई थी, जहां उस पर चोरी का आरोप लगाकर कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना के अगले दिन बुधवार दोपहर छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और देर शाम आईसी मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने छात्रा से एक-एक सामान की पर्ची बनवाकर लिखवाया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान में चोरी की है। इसके बाद उस लिखित बयान पर हस्ताक्षर भी कराए गए। आरोप यह भी है कि मार्ट संचालक ने 20 हजार रुपये की मांग की तथा छात्रा की स्कूटी अपने कब्जे में रख ली। परिजनों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

घटना के बाद गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई। वहीं बड़ी संख्या में परिजन, स्थानीय नागरिक और महिलाएं-पुरुष बैकुंठपुर सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए और बाद में आईसी मार्ट के सामने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर कठोरतम सजा देने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी दुकान संचालक फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में स्थानीय पार्षद ललिता सिंह, स्थानीय निवासी मेरियेड मिंज तथा पूर्व विधायक अम्बिका सिंहदेव ने भी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।