रिश्वतखोरी के 3 मामलों में ACB की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश

रिश्वतखोरी के 3 मामलों में ACB की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 07 जुलाई 2026। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रिश्वतखोरी के तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र (चार्जशीट) पेश कर दिया है।

पहला मामला: ₹40 हजार रिश्वत लेते बाबू पकड़ा गया

29 मई 2026 को प्रार्थी अनुतलाल बघेल की शिकायत पर बाहु कार्यालय, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के आरोपी प्रदीप मिश्रा को ₹40,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), कोरबा में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।

दूसरा मामला: अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

10 मई 2026 को शिकायतकर्ता देवेंद्र कश्यप की शिकायत पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) बिलासपुर विजय पाण्डेय को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में विशेष न्यायालय, बिलासपुर में चालान पेश किया गया।

तीसरा मामला: सहायक उप निरीक्षक पर भी कार्रवाई

इसी दिन 10 मई 2026 को प्रार्थी शिव बरटे की शिकायत पर सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा, थाना चंदूर, जिला सक्ती को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। इस प्रकरण में विशेष न्यायालय, जांजगीर-चांपा में अभियोग पत्र दाखिल किया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 सहित संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। अब इन मामलों की सुनवाई विशेष न्यायालय में होगी।