भिलाई में 15 से 19 जुलाई तक मां दुर्गा मनोकामना मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

भिलाई में 15 से 19 जुलाई तक मां दुर्गा मनोकामना मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव



🔴15 जुलाई को कलश यात्रा और सजेगी भजन संध्या

भिलाईनगर, 03 जुलाई 2026 । कैलाश नगर, दुर्गा मंदिर रोड स्थित नवनिर्मित मां दुर्गा मनोकामना मंदिर में 15 से 19 जुलाई 2026 तक पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया है। आयोजन मां दुर्गा मनोकामना फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान महादेव शिव परिवार, चार ज्योतिर्लिंग, भगवान खाटू श्याम एवं संकट मोचन हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न होगी।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से पूरे परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने और प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बनने की अपील की है।

यह रहेगा कार्यक्रम

15 जुलाई (बुधवार) को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं जलाधिवास होगा।
16 जुलाई को अन्नाधिवास एवं पुष्पाधिवास, 17 जुलाई को फलाधिवास एवं वस्त्राधिवास, 18 जुलाई को शैयाधिवास एवं प्राण प्रतिष्ठा की धार्मिक रस्में संपन्न होंगी।

19 जुलाई (रविवार) को हवन, पूर्णाहुति, मूर्ति स्थापना, विशाल महाप्रसाद भंडारा तथा रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

भजन संध्या में गूंजेंगे भक्ति गीत

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से भजन संध्या आयोजित होगी।
17 जुलाई को भिलाई की ममता अग्रवाल, 18 जुलाई को कोरबा की मोनिका अग्रवाल, जबकि 19 जुलाई को नागपुर की निहारिका पुरोहित एवं प्रयागराज के प्रसिद्ध भजन गायक विक्रम चावला अपनी प्रस्तुति देंगे।

खाटू श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर खाटू श्याम बाबा का 56 भोग, इत्र भंडारा एवं विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सेवा एवं सहयोग के लिए आगे आने की अपील की है।

मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान आचार्य रामकृष्ण द्विवेदी एवं खाटू श्याम मंदिर के आचार्यों के सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।