सड़क हादसे में लापरवाही पर डायल-112 का आरक्षक निलंबित

सड़क हादसे में लापरवाही पर डायल-112 का आरक्षक निलंबित


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 03 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटना की सूचना पर समय पर मौके पर नहीं पहुंचने और अमर्यादित आचरण के आरोप में डायल-112 में तैनात एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

कार्यालय पुलिस उपायुक्त, मध्य क्षेत्र, रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक की टक्कर की सूचना डायल-112 को मिली थी। आरोप है कि डायल-112 में तैनात आरक्षक क्रमांक 1250 संदीप शर्मा घटना स्थल पर विलंब से पहुंचे तथा वहां उनका आचरण भी अमर्यादित पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता ने आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, रायपुर संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।

जारी आदेश में देवेंद्र नगर थाना प्रभारी को मामले की प्रारंभिक जांच कर सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।