सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 02 जुलाई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में गरियाबंद, धमतरी, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर और सुकमा जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा अगले 48 घंटों के दौरान दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं गरियाबंद, धमतरी, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, सुकमा और कांकेर जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारी बारिश के चलते निम्न परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं—
- सड़कों पर फिसलन बढ़ने से यातायात प्रभावित हो सकता है।
- प्रमुख शहरों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
- दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
- निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है।
- नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है तथा पुलों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बन सकती है।
- खेतों में जलभराव की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के समीप नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी आवश्यक एहतियाती इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

