🔴220 किलो स्क्रैप, स्कूटी और मोबाइल जब्त
भिलाईनगर, 02 जुलाई 2026। दुर्ग पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 52,500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई, भिलाई स्टील प्लांट की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 30 जून की रात करीब 8 बजे केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो युवक 220 किलो स्क्रैप आयरन चोरी कर ले जा रहे थे। सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी के पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर ही चोरी के सामान सहित पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू नायक (25 वर्ष) निवासी सेक्टर-5, भिलाई नगर बताया। उसने अपने अन्य साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 220 किलो स्क्रैप आयरन, एक स्कूटी और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक प्रकाश कांत, उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक रोशन भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी, संदिग्ध गतिविधियों अथवा अनधिकृत प्रवेश की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

