🔴न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के आयोजन में पत्रकारों ने रखे सवाल, प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पर हुई खुली चर्चा
भिलाईनगर, 27 जून 2026। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा शनिवार को सुपेला स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम प्रेस और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने जिले में अपने अब तक के अनुभव साझा करते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के अध्यक्ष अनिल गुप्ता एवं महासचिव दिलीप शर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी अतिथियों का अभिनंदन किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने प्रेस क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए क्लब के विकास एवं संधारण के लिए कलेक्टर के समक्ष विभिन्न मांगें रखीं। वहीं महासचिव दिलीप शर्मा ने पत्रकार कल्याण, सामाजिक सरोकारों एवं प्रेस क्लब की भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

25 लाख आबादी के लिए सीमित पुलिस बल, कानून व्यवस्था बड़ी चुनौती : एसएसपी
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग जिला भौगोलिक और सामाजिक दृष्टि से विविधताओं वाला जिला है। यहां भिलाई टाउनशिप, पटरी पार क्षेत्र, दुर्ग शहर और व्यापक ग्रामीण इलाका शामिल है, जिनकी आवश्यकताएं अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 25 लाख की आबादी वाले जिले में दो हजार से कुछ अधिक पुलिस बल कार्यरत है, ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है। एसएसपी ने अपने कार्यकाल के कुछ अनुभव भी पत्रकारों के साथ साझा किए।

लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है मीडिया : कलेक्टर अभिजीत सिंह
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है, जो समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने बताया कि वर्ष 2012 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्होंने केंद्र सरकार के अधीन भी कार्य किया है। दुर्ग जिले में कार्य करने का अनुभव सुखद रहा है, हालांकि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और जन अपेक्षाओं के अनुरूप प्रशासनिक कार्य करना चुनौतीपूर्ण भी है।

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन अवसर पर न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर की ओर से कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं एसएसपी विजय अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौहान, उपाध्यक्ष जय प्रकाश आर्य, रघुनंदन पांडा, सचिव गौकरण निषाद, जोगिंदर सिंह, कार्यालय सचिव मोहन राव, सह सचिव भोपाल देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य सर्वेश सिंह, पी. मोहन, सोनू यादव, योगेश वर्मा, सुरेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में टी. सूर्या राव, अरविंद सिंह, राजेंद्र सोनबोईर, बीडी निजामी, राजेंद्र गोस्वामी, अशोक पांडा, सुधीर सिंह, संदीप उपाध्याय, आर.एन. रामाराव, रत्नाकर अल्वा, रमेश गुप्ता, कोमल धनेसर, राजेश अग्रवाल, डी.के. साहू, आनंद ओझा, हरप्रीत भाटिया, रमेश भगत, कमल शर्मा, मोहम्मद फारूक, प्रशांत सरकार, आर.बी. केशरवानी, शमशीर शिवानी, यदुनंदन मिश्रा, संतोष तिवारी, शशिकांत तिवारी, तापस सान्याल, संतोष मलिक, सतीश बौद्ध, शफीक कलीम, सुशील सोनी, दीपक दहाट, अमित नागरकर, संजय पांडेय, इस्माइल खान, रवि दहाट, नीरज उपाध्याय, जवाहर चौहान, सूरज सिंह, तनवीर अहमद, रमजान खान, शमसुद्दीन खान एवं जनार्दन मांझी सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

