सीजी न्यूज ऑनलाइन, 26 जून, 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बिलासपुर जिले में दो अलग-अलग मामलों में एक पटवारी और सीएसपीडीसीएल कार्यालय के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहले मामले में रतनपुर तहसील के पटवारी भानु चंद्राकर को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता अशोक अग्रवाल ने एसीबी से शिकायत की थी कि उन्होंने अपने पिता के नाम दर्ज जमीन के नामांतरण के लिए आवेदन दिया था। तहसीलदार द्वारा प्रकरण पटवारी को भेजा गया, जिसके बाद पटवारी ने कार्य करने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
वहीं दूसरे मामले में ग्राम पथराटाल निवासी त्रिलोकी साहू की शिकायत पर सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी के बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने कृषि कार्य के लिए शासन की योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल लगवाने आवेदन दिया था। आरोप है कि विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए बाबू द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

