🔴नंबर के आधार पर वाहन मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 22 जून 2026। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर दो युवतियों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार चालक भी लापरवाही की हद पार करते हुए तेज रफ्तार वाहन को सड़क पर बार-बार लहराते हुए चलाता दिखाई दे रहा है। घटना शनिवार तड़के करीब 4 से 4.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में कार क्रमांक सीजी-10-बीई-4400 की सनरूफ से दो युवतियां बाहर निकलकर मस्ती करती नजर आ रही हैं। इस दौरान कार लगातार चल रही है। वहीं चालक वाहन को कभी दाएं तो कभी बाएं मोड़ते हुए खतरनाक तरीके से चला रहा है। पीछे चल रहे एक अन्य वाहन में सवार व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पिछले कुछ महीनों से पुलिस और यातायात विभाग सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। कई लोगों पर भारी जुर्माना लगाया गया है, जबकि कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में कुछ युवक-युवतियां नियमों की अनदेखी कर जान जोखिम में डाल रहे हैं।
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर मालिक और अन्य संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवती के डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में पुलिस ने वाहन में मौजूद प्रभावशाली युवक को पकड़कर कार जब्त की थी। अब एक बार फिर सामने आए इस वीडियो ने हाईवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं

