भिलाईनगर, 20 जून 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एक कर्मचारी के 22 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव सेक्टर-4 स्थित करीब 10 वर्षों से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला। घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कल्याण कॉलेज का छात्र था और बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता बीएसपी में कार्यरत हैं।
परिजनों के अनुसार दीपांशु शनिवार को रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान दीपांशु के रूप में की।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा था, “मुझसे इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए।” हालांकि नोट में किसी व्यक्ति का नाम या आत्महत्या का स्पष्ट कारण उल्लेखित नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपांशु नौकरी नहीं मिलने से परेशान था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि वह साइकिल से स्कूल परिसर पहुंचा था तथा अपने साथ रस्सी लेकर गया था।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं और उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सुसाइड नोट, पारिवारिक परिस्थितियों तथा अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर विवेचना जारी है।

