BSP से स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य फरार आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार

BSP से स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य फरार आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार


भिलाईनगर, 16 जून 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय सिंह को उत्तरप्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांच के दौरान एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय से सात दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमार कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड होना पाया गया था।

मौके से करीब 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में उपयोग किए जा रहे वाहन एवं मशीनरी भी जब्त की गई थी। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताया गया है।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। मामले में पूर्व में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

मुख्य आरोपी संजय सिंह अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार फरार था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर दुर्ग पुलिस की विशेष टीम उत्तरप्रदेश रवाना हुई। देवरिया में आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और दुर्ग लाया गया।

विवेचना के दौरान पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर स्क्रैप चोरी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीएसपी स्क्रैप चोरी के इस संगठित नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि चोरी, अवैध परिवहन या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।