भिलाईनगर, 16 जून 2026। मरौदा स्थित बीआरपी कॉलोनी में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर युवक पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया और नकदी सहित करीब 60 हजार रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीआरपी कॉलोनी स्टेशन मरौदा निवासी एक श्रमिक अपने पुत्र रावेन्द्र सिंह के साथ घर में रह रहा था। उसकी पत्नी और पुत्री लगभग एक माह से अपने गृह ग्राम बरहटा, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) गई हुई हैं। पिता एसीसी प्लांट जामुल में कार्यरत हैं, जबकि पुत्र रावेन्द्र सिंह भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में ठेका श्रमिक के रूप में काम करता है।
बताया गया कि 14 जून की रात रावेन्द्र सिंह सेकंड शिफ्ट की ड्यूटी पर गया था। पिता रात 10 बजे अपनी ड्यूटी के लिए निकल गए थे। 15 जून की सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वे दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे।
अंदर बरामदे में उनका पुत्र रावेन्द्र सिंह बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा मिला, जिसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम में रखी लोहे की पेटी से चांदी का करधन, एक जोड़ी चांदी की पायल और 30 हजार रुपये नकद गायब थे।
परिजनों और पड़ोसियों की मदद से रावेन्द्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। होश में आने पर उसने बताया कि रात करीब 2 बजे घर में कुछ आवाज सुनकर वह देखने गया था। तभी 3 से 4 युवक, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, घर में घुसे हुए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
पुलिस के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर युवक को घायल किया और नकदी व चांदी के जेवर समेत लगभग 60 हजार रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

