🔴10 आरोपी दबोचे, दो अवैध फैक्ट्री सील, मशीनें, कच्चा और तैयार माल जब्त
दुर्ग, 12 जून 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध गुटखा निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। थाना अंडा और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कुथरेल और अंडा क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों पर छापा मारकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी-छिपे बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान वहां गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल, रसायन, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें तथा तैयार और अर्द्धनिर्मित उत्पाद बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पूरी सामग्री जब्त कर सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 और 64/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा अवैध आर्थिक लाभ कमाने के लिए यह कारोबार संचालित किया जा रहा था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई न केवल अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार है बल्कि ऐसे उत्पादों के खिलाफ भी सख्त संदेश है जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गुटखा, नशे के पदार्थों या अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।


