त्रिकोणीय प्रेम – फौजी पर हमला, मंगेतर से मिलने पहुंचा था जवान, पूर्व प्रेमियों ने मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई नगर, 27 सितंबर। खुर्सीपार में मंगेतर से मिलने पहुंचे फौज के जवान को मंगेतर के पूर्व प्रेमियों ने रास्ते में चाकू से हमला कर दिया। त्रिकोणीय प्रेम की परिणीति इस वारदात में सेना का जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है। हमले बाद वह किसी तरह खुर्सीपार थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। जवान को खून से लथपथ देख पुलिस ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर देख उसे रायपुर के मेकाहारा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अभी फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार चरोदा निवासी प्रिंस गोड़ा (25) आर्मी में है और इन दिनों गुवाहाटी में उसकी तैनाती है। जब छुट्टी पर घर लौटा तो शुक्रवार को खुर्सीपार में रहने वाली अपनी मंगेतर से मिलने के लिए पहुंचा। वहां से रात करीब 8 बजे लौटते वक्त शिव मंदिर के पास प्रशांत कुमार उर्फ टोनी, किशन और अन्य युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने प्रिंस से मोहल्ले में आने का कारण पूछा। बताने के बाद दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
अगले दिन मंगेतर के परिजनों ने फौजी को खाने पर बुलाया तो प्रिंस फिर उनके घर पहुंचा। डिनर के बाद रात करीब 9 बजे घर लौटने लगा तो शिव मंदिर के पास फिर प्रशांत कुमार, किशन और संजय ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि प्रिंस कुछ समझ पाता, तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रशांत ने उसकी मंगेतर को खुद की गर्लफ्रेंड बताया। तभी पास खड़े किशन ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रशांत ने भी प्रिंस को चाकू मारा। प्रिंस को घायल करने के बाद तीनों घटनास्थल से भाग निकले। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी तभी रविवार को आरोपी प्रशांत और संजय सड़क हादसे में घायल अपने एक व्यवसायी दोस्त से मिलने अस्पताल पहुंच गए। दोनों ने व्यवसायी को एक रात पहले हुई घटना के बारे में बताया। इस पर व्यवसायी ने उन्हें आश्वासन दिया और थाने के एक कॉन्स्टेबल को कॉल लगाकर बात करने के लिए कहा। कॉन्स्टेबल ने भी कार्रवाई से बचाने का भरोसा दिया और फिर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा। बताया जा रहा है कि युवती के प्रशांत और किशन दोनों से प्रेम संबंध थे। किशन युवती के पड़ोस में ही रहता है और पहले से दोनों एक-दूसरे को जानते थे, जबकि प्रशांत से करीब 4 माह पहले युवती की एक जिम में मुलाकात हुई थी। इसके बाद युवती ने प्रिंस से सगाई कर ली, जिसके चलते दोनों आरोपी भड़के हुए थे। यह भी सामने आया है कि साल 2017 में खुर्सीपार इलाके में ही एक पुलिसकर्मी ने युवती के प्यार में एक युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस सभी ऐंगल से जांच कर रही है। हमले से घायल जवान की हालत गंभीर बनी हुई है।

