इग्नू की टर्म एंड परीक्षा शुरू, 76 वर्षीय कांतीलाल विश्वकर्मा भी दे रहे परीक्षा

इग्नू की टर्म एंड परीक्षा शुरू, 76 वर्षीय कांतीलाल विश्वकर्मा भी दे रहे परीक्षा


दुर्ग, 04 जून 2026। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली की जून 2026 टर्म एंड परीक्षा का आयोजन 1 जून से प्रारंभ हो गया है। दुर्ग स्थित शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) में स्थापित इग्नू अध्ययन केंद्र क्रमांक 1503 में भी परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विशेष बात यह है कि 76 वर्षीय कांतीलाल विश्वकर्मा भी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

इग्नू अध्ययन केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिषेक सुराना ने बताया कि कांतीलाल विश्वकर्मा एमएसएमई इंडस्ट्रियल सेफ्टी पाठ्यक्रम की परीक्षा दे रहे हैं। वे पूर्व में दुर्ग के पीजीबीटीआई से बी.आई.टी. तथा दुर्ग स्थित एफ.ए.ई.सी. से एमटेक की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू में बड़ी संख्या में 50 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षार्थी भी अध्ययनरत हैं।

इग्नू अध्ययन केंद्र के सह-समन्वयक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. जी.एस. ठाकुर के संयुक्त मार्गदर्शन में परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। यह परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 19 जुलाई तक चलेगी।

परीक्षा में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, बीसीए, एमसीए, एमएससी, एमएड, पीजीडीआरडी, पीजीडीसीए, ज्योतिष सहित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।

केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार जिन पाठ्यक्रमों में प्रोजेक्ट कार्य अनिवार्य है, उन विद्यार्थियों को 30 जून तक अपने प्रोजेक्ट इग्नू अध्ययन केंद्र के माध्यम से अथवा सीधे क्षेत्रीय केंद्र नई दिल्ली में जमा करना होगा। परियोजना कार्य जमा करने के बाद ही संबंधित विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा।

डॉ. सुराना ने बताया कि इस वर्ष टर्म एंड परीक्षा में 500 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर टाइम टेबल डेटशीट के रूप में उपलब्ध है, जबकि परीक्षा में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड को हॉल टिकट के रूप में डाउनलोड किया जा सकता है।