अमलेश्वर थाना में महिला कमांडो सम्मेलन एवं प्रशिक्षण संपन्न

अमलेश्वर थाना में महिला कमांडो सम्मेलन एवं प्रशिक्षण संपन्न


🔴125 महिला कमांडो को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और आपदा प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण

दुर्ग, 03 जून 2026। दुर्ग पुलिस के “ऑपरेशन विश्वास” एवं “पुलिस जन मित्र” अभियान के तहत थाना अमलेश्वर में बुधवार को महिला कमांडो सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 125 महिला कमांडो ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, यातायात जागरूकता और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री शमशाद बेगम, जिला सेनानी एवं नगर सेना आपदा मोचन बल के अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) पाटन अनूप लकड़ा, यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान महिला कमांडो को सामाजिक अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए शिकायत के लिए डायल 1930 तथा नशे से संबंधित सूचना एवं कार्रवाई के लिए डायल 1933 के महत्व की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि पद्मश्री शमशाद बेगम ने महिला कमांडो की भूमिका, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज और पुलिस के बीच सेतु के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव-गांव में अधिक से अधिक महिलाओं को महिला कमांडो अभियान से जोड़ने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में नगर सेना के आपदा मोचन बल द्वारा जीवन रक्षक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें डूबते व्यक्ति को बचाने के तरीके, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य, फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।

यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा ने सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक करते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो में उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। महिला कमांडो ने अपराध नियंत्रण, नशा मुक्त समाज के निर्माण, महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महिला कमांडो को टॉर्च, सीटी, टोपी और डंडा प्रदान कर उन्हें आवश्यक संसाधनों से भी सुसज्जित किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।