🔴31.99 लाख नकद जब्त; दो गिरफ्तार
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 01 जून 2026। आईपीएल फाइनल मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन जब्त की है। मामले में तीन अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मुकाबले गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैच पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी।

2 सटोरिये गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल (28 वर्ष) और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष), दोनों निवासी गंज बाजार खरसिया, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल बरामद किया, जिनमें ऑनलाइन सट्टे से जुड़े तकनीकी साक्ष्य और आईडी मिली हैं।
31.99 लाख रुपये नकद बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के घर पहुंची। पुलिस को देखकर साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, लेकिन अपने पीछे दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़ गया।
स्वतंत्र गवाहों और परिजनों की मौजूदगी में बैगों की तलाशी लेने पर 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपियों द्वारा इस बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। जांच में यह रकम ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी होना सामने आने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली।
संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के लिए संगठित गिरोह बनाए जाने के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसी वर्ष मार्च माह में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे के एक मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सट्टा कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

