फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर बर्थडे पार्टी में बुलाकर महिला कांस्टेबल की लूट ली आबरू, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
नीमच, 27 सितंबर। मध्यप्रदेश के नीमच से एक महिला कांस्टेबल के साथ गैंग रेप की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन आरोपी अभी भी फरार बताये जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल की दोस्ती आरोपी पवन लोहार नाम के एक लड़के से फेसबुक के जरिए हुई थी। जिसके बाद दोनों वॉट्सएप पर भी बात करने लगे थे। फिर कुछ दिन बाद दोनों की मुलाकात इंदौर में हुई। वहीं 9 जून को आरोपी पवन के भाई धीरेंद्र का जन्मदिन था, जिसके लिए पवन इंदौर से पीड़िता को लेकर आया था। पीड़िता की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनासा स्थित पवन के घर पर उसके भाई धीरेंद्र और विजय ने उसके साथ रेप किया और वीडियो भी बना लिया। पीड़िता ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। कांस्टेबल की शिकायत में कहा गया है कि जब पवन आया तो उसे अपने साथ हुई घटना के संबंध बताया लेकिन उसने मुझे ही गलत ठहरा दिया। महिला कांस्टेबल ने पवन पर भी रेप करने का आरोप लगाया है। इस मामले में जब पीड़िता महिला आरक्षक ने पवन की मां से शिकायत की तो उसकी मां निर्मला ने उल्टा लड़की को ही धमकाया कि वह इस मामले में कुछ न कहे वरना उसके लिए ठीक नहीं रहेगा। जैसे-तैसे महिला आरक्षक वहां से निकली और बाद में उसमें नीमच महिला थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला महिला कांस्टेबल से जुड़े होने के कारण पुलिस तत्काल एक्टिव मोड में आ गई और पवन तथा उसकी मां निर्मला को गिरफ्तार कर लिया। धीरेंद्र, विजय के साथ उसके फूफा पर भी धारा 376, 376 डी और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

