सीजी न्यूज ऑनलाइन, 30 मई 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अलग-अलग मामलों में दो लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रायगढ़ तहसील कार्यालय का कथित दलाल और कोरबा जिले के कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा का एक बाबू शामिल है।
नाम सुधारने के एवज में 60 हजार की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार
एसीबी के अनुसार रायगढ़ जिले के ग्राम धरमजयगढ़ निवासी मनभुवन पटेल ने शिकायत की थी कि उनकी पत्नी के नाम दर्ज जमीन के रिकॉर्ड में नाम सुधार कराने के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया था। आरोप है कि तहसील कार्यालय का दलाल गुलशन पटेल नाम सुधार कराने के एवज में 60 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी गुलशन पटेल को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी के मुताबिक आरोपी तहसील कार्यालय में सहायक शिक्षक के साथ-साथ दलाल के रूप में भी सक्रिय था।
शिक्षक पदस्थापना के लिए मांगी थी 40 हजार की रिश्वत
दूसरे मामले में कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा स्थित कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी में पदस्थ बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि वर्ष 2026 में पंचायतों से स्कूलों में पदस्थापना की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान उसके पदस्थापना संबंधी दस्तावेजों की जानकारी देने और प्रक्रिया में सहयोग करने के एवज में बाबू द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की लगातार कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हो गई है।

