BSP से 3.22 करोड़ की संगठित लौह स्क्रैप चोरी का खुलासा

BSP से 3.22 करोड़ की संगठित लौह स्क्रैप चोरी का खुलासा


🔴फ्लू डस्ट की आड़ में 250 टन लोहा पार, 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर, 28 मई 2026। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का पुरानी भिलाई पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पिछले चार-पांच महीनों से फ्लू डस्ट की आड़ में प्लांट से लोहा चोरी कर बाहर सप्लाई कर रहे थे।

Oplus_16908288

250 टन लोहा और कई वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लोहे की प्लेट कटिंग और लोहे की बीम जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं वाहनों और मशीनों सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुरानी भिलाई थाना पुलिस को 26 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स प्लॉट नंबर 18 ए/05 एचआईए हथखोज में अवैध रूप से BSP का लोहा जमा किया जा रहा है।

Oplus_16908288

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां फ्लू डस्ट के साथ भारी मात्रा में लोहे की प्लेट और बीम कटिंग भरे वाहन खड़े मिले।

फ्लू डस्ट के नीचे छिपाया जाता था लोहा

जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवा में पहले चोरी का लोहा भरते थे और उसके ऊपर फ्लू डस्ट डाल देते थे ताकि किसी को शक न हो। मौके पर दो बड़े ढेरों में लोहे की प्लेट और बीम कटिंग भी बरामद हुई।

मशीनों से होता था लोडिंग का काम

पुलिस को मौके से जेसीबी, हाइड्रा, चैन माउंटिंग मशीन और डस्ट छानने वाली मशीनें भी मिलीं। इनका इस्तेमाल डंप किए गए लोहे को वाहनों में लोड कर दूसरे स्थानों तक पहुंचाने में किया जा रहा था।

दस्तावेज मांगने पर नहीं दे सके जवाब

पुलिस ने वाहन चालकों चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और ए.के. ट्रेडर्स के सुपरवाइजर निर्मल सिंह से धारा 94 BNSS के तहत दस्तावेज मांगे, लेकिन वे संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गईं

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ दी हैं। पूरे मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(4), 3(5) और 112 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है—

  1. मीथेन ठाकुर, निवासी सिकौला बस्ती मोहन नगर दुर्ग
  2. चिंतानंद साहू, उम्र 40 वर्ष, बाबा दीप सिंह नगर वैशाली नगर
  3. गीतेश वर्मा, उम्र 36 वर्ष, टाटा लाइन कोहका
  4. निर्मल सिंह, उम्र 52 वर्ष, ईडब्ल्यूएस 697 वैशाली नगर

यह सामग्री और वाहन हुए जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो हाईवा, दो ट्रक, टाटा 1109, टाटा एस, जेसीबी, हाइड्रा, चैन माउंटिंग मशीन और करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया है।

BSP की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इतनी बड़ी मात्रा में BSP से लगातार लोहा चोरी होने की घटना ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस संगठित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।