दुर्ग, 24 मई 2026। सुपेला थाना क्षेत्र के राधिका नगर में शुक्रवार रात एक कबाड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकलने के बाद पास में स्थित श्री परमानंद चंदेल की कबाड़ी दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कबाड़ के सामान में तेजी से फैलने लगी।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की एक दमकल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि कबाड़ी स्थल से भीषण आग की लपटें उठ रही थीं। इसके बाद टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर से हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अनुसार समय पर कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटना टल गई।
इस कार्रवाई में जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव सहित रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।

