दुर्ग, 19 मई 2026। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत विशाल मेगा मार्ट के सामने वाहन टक्कर के बाद हुए विवाद में मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे प्रार्थी अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से होटल में खाना खाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान विशाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी लोकेश्वर साहू द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए प्रार्थी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर गए।
घटना के बाद आरोपी लोकेश्वर साहू, अंकित परगनिहा, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन एवं एक विधि से संघर्षरत बालक ने एक राय होकर प्रार्थी और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के सिर, आंख और कंधे में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव कर रहे शकील खान निवासी केलाबाड़ी के सिर में गंभीर चोट आई, जिनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 279/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने मामले में आरोपी अंकित परगनिहा निवासी कसारीडीह वार्ड-44 दुर्ग, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन निवासी बोरसी सुभाष चौक दुर्ग, लोकेश्वर साहू निवासी बोरसी थाना पद्मनाभपुर दुर्ग तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

