दुर्ग, 14 मई 2026। धमधा नगर पंचायत क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान एक सहायक शिक्षक के साथ कथित दुर्व्यवहार और गाली-गलौच का मामला सामने आया है। मामले में शिक्षक ने थाना धमधा में शिकायत आवेदन देकर होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिस पर धमधा पुलिस के द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
धमधा पुलिस से प्राप्त जानकारी के वार्ड क्रमांक 08 देवांगन पारा निवासी अशोक कुमार देवांगन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तामेरपारा में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी भारत की जनगणना 2026-27 के तहत प्रगण के रूप में एचएलबी क्रमांक 09, वार्ड क्रमांक 07 में लगाई गई है।
शिकायत में बताया गया है कि 12 मई 2026 की शाम करीब 5:10 बजे जनगणना कार्य के दौरान वे भवन क्रमांक 470 स्थित एक होटल में जानकारी लेने पहुंचे थे। आरोप है कि होटल संचालक संतोष पटेल ने जनगणना संबंधी जानकारी देने से इनकार करते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौच की। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
प्रार्थी अशोक कुमार देवांगन ने आवेदन में कहा है कि घटना से उन्हें मानसिक कष्ट और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।
मामले में थाना धमधा पुलिस द्वारा शिकायत आवेदन के आधार पर जांच करते हुए अपराध क्रमांक 0123/26 आरोपी होटल संचालक संतोष पटेल के खिलाफ धारा
221-BNS, 296-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

