🔴 गांजा संदिग्ध बाइक के साथ दो युवक पकड़े गए, पेन की आड़ में छुपा था हथियार
दुर्ग,12 मई 2026। दुर्ग पुलिस ने शहर में अपराधों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तड़के सुबह विशेष सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, गांजा और संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यदुमणि सिदार और अनूप लकड़ा के नेतृत्व में 12 मई 2026 को सुबह 4 बजे से 8 बजे तक थाना मोहन नगर थाना एवं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।
करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने ग्रीन चौक, टिपरापारा, हरणा बांधा और तकिया पारा इलाके में आकस्मिक सर्च और तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों, मकानों और आदतन अपराधियों के ठिकानों की जांच की। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई।

अभियान के दौरान विकास यादव उर्फ लासा (21 वर्ष) और प्रशांत उर्फ बालू को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तलवार, धारदार हथियार, एक गुप्ती, अवैध गांजा और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा प्रशांत उर्फ बालू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई शुरू की है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि अपराधों की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या मादक पदार्थ की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

