एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख की ठगी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख की ठगी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार


भिलाईनगर, 11 मई 2026। दुर्ग पुलिस की थाना वैशाली नगर पुलिस ने रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई निवासी मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी 2026 को थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली व्यक्तियों से पहचान होने का दावा करते हुए रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाता था।

शिकायतकर्ता आरोपी के झांसे में आ गया और सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने और पैसे वापस करने के नाम पर टालमटोल करता रहा। बाद में वह अपने निवास से फरार हो गया।

मामले में थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 420 भारतीय दंड संहिता में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल भिलाई की तकनीकी सहायता से आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का विश्लेषण किया गया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के लखनऊ में होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल लखनऊ रवाना किया गया। वहां घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर भिलाई लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। 10 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने प्रकरण से संबंधित दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के रकम न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।