🔴सुबह 4:00 से 9:00 तक 500 घर एवं 200 ट्रक ट्रेलर की हुई पड़ताल
भिलाईनगर,11 मई 2026। दुर्ग जिले के खुर्सीपार क्षेत्र में सोमवार तड़के सुबह दुर्ग पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की व्यापक जांच की। यह अभियान सुबह 4 बजे से 9 बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारियों सहित 100 से अधिक पुलिस बल तैनात रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर में कांबिंग गश्त कर करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रक वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी तथा ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड के आधार पर सत्यापन किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त कीं। वहीं खुर्सीपार क्षेत्र से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त बल ने हिस्सा लिया। मादक पदार्थों के परिवहन, अवैध गतिविधियों तथा धारदार हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

