🔴अग्निशमन दल की तत्परता से बड़ा हादसा टला
भिलाईनगर, 09 मई 2026। कुम्हारी टोल टैक्स के पास शनिवार सुबह कोयले से भरी एक ट्रक में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्गा प्रभारी एवं जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 10 मई 2026 को सुबह करीब 6:36 बजे कुम्हारी टोल टैक्स के पास खड़ी कोयले से लदी ट्रक से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि ट्रक के डाले में भरे कोयले में आग तेजी से फैल रही है। अग्निशमन कर्मियों ने बिना देर किए धुएं और तेज लपटों के बीच ट्रक के ऊपर चढ़कर मशक्कत के साथ आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया और उसे आगे बढ़ने से रोक दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा कर्मचारी शैलेंद्र, कुलेश्वर, कुंजेश, उमाशंकर और कमलेश ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
अग्निशमन विभाग की सतर्कता और समय पर पहुंची टीम की वजह से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

