🔴रातभर गर्मी में घरों के बाहर बैठने को मजबूर
भिलाईनगर, 09 मई 2026। दुर्ग जिले के Utai क्षेत्र अंतर्गत उमरपोटी के वेदांत नगर में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आए दिन बिजली गुल होने से गर्मी के मौसम में हालात बेहद कठिन हो गए हैं।
वेदांत नगर निवासी Sanjay Deshlahra ने बताया कि बिजली कटौती के कारण लोगों को रातभर घरों के बाहर बैठकर समय बिताना पड़ता है। बिजली नहीं रहने से पेयजल की समस्या भी खड़ी हो जाती है, क्योंकि मोटर नहीं चल पाने से पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है।

तारों में पत्थर बांधकर की जाती है मरम्मत
स्थानीय लोगों के मुताबिक समस्या की शिकायत कई बार बिजली विभाग उतई में की गई, लेकिन समय पर समाधान नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि जब मरम्मत दल मौके पर पहुंचता है तो अस्थायी रूप से तारों में पत्थर बांधकर चला जाता है। हवा चलने पर यह व्यवस्था आधे से एक घंटे के भीतर फिर पहले जैसी हो जाती है और बिजली आपूर्ति दोबारा बाधित हो जाती है।
मरम्मत कार्य का बनाया वीडियो
रविवार सुबह करीब 9 बजे की मरम्मत का वीडियो भी स्थानीय लोगों ने उपलब्ध कराया है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग और शासन इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।

