सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 07 मई 2026। कबीरधाम जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नाबालिग बच्चों को महज 5 से 6 हजार रुपए में बेचने का खुलासा हुआ है। मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि इस कृत्य में बच्चों के माता-पिता शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 6 बच्चों का रेस्क्यू किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, कुछ लोगों द्वारा नाबालिग बच्चों को बाहर ले जाकर उनसे मजदूरी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही कवर्धा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने कुल 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि इन बच्चों से जबरन मजदूरी कराई जा रही थी और उन्हें बेहद कम कीमत पर खरीदा गया था।
एक साल के बांड पर दिया थाः एसपी
कबीरधाम एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि, बच्चों को एक साल के बांड पर दिया गया था। सभी को रेस्क्यू कर लिया गया है। जांच जारी है।
शिकायत के बाद कार्रवाई
मामले से जुड़े एक लिखित आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि चेतन यादव और रवि यादव नामक व्यक्तियों द्वारा नाबालिग बैगा बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई।आवेदन में यह भी उल्लेख है कि बच्चों को गांव से दूर ले जाकर काम में लगाया गया और उनके बदले माता- पिता को पैसे दिए गए। फिलहाल पुलिस सभी बच्चों को सुरक्षित रखकर उनसे
जानकारी ले रही है।

