IPL मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, सिटी कोतवाली दुर्ग ने 3 आरोपियों को पकड़ा

IPL मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, सिटी कोतवाली दुर्ग ने 3 आरोपियों को पकड़ा


दुर्ग, 05 मई 2026। आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी, स्कूटी और सट्टा संचालन से जुड़ी सामग्री सहित कुल 1.29 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जप्त की गई है।

सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 की रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गया नगर परेतीन चौक स्थित हर्ष राजपूत के खाली दुकान में आईपीएल टी-20 मैच गुजरात टाइटंस और पंजाब के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर मोबाइल फोन के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल टीम के साथ मौके पर दबिश दी। दुकान के भीतर तीन व्यक्ति मोबाइल पर मैच देखते हुए लोगों से फोन पर संपर्क कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हर्ष राजपूत (24 वर्ष), निवासी गया नगर दुर्ग, शुभम चंदेल (22 वर्ष), निवासी शिवपारा दुर्ग तथा मोहम्मद ईरफान उर्फ राजा (38 वर्ष), निवासी तकियापारा दुर्ग बताए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन में “जलवा 247” एप के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे और हार-जीत की रकम लाइनदार कॉपी में दर्ज करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 28,800 रुपये नगद, एक स्कूटी, दो लाइनदार कॉपी, एक कैलकुलेटर, एक स्केल, सट्टा पट्टी और डॉट पेन जप्त किया। जप्त सामग्री की कुल कीमत 1,29,200 रुपये बताई गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0229/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 तथा धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।