भिलाई में दिनदहाड़े किराना दुकान में घुसकर चाकू की नोक पर लूट

भिलाई में दिनदहाड़े किराना दुकान में घुसकर चाकू की नोक पर लूट


🔴बेख़ौफ़ अपराधी दे रहे पुलिस पेट्रोलिंग को चुनौती

भिलाईनगर, 05 मई 2026। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार से चाकू की नोक पर कल दिनदहाड़े नगदी लूटने का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने श्याम रेड्डी, धनराज और उनके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। परंतु इस घटना ने प्रमाणित कर दिया है कि आज भी अपराधी बेखौफ घटना को अंजाम दे रहे हैं। बिहार की तर्ज पर भिलाईनगर में भी घटनाएं हो रही है जो पुलिस पेट्रोलिंग पर प्रश्न चिन्ह लगता है।

पुरानी भिलाई पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी मेजर यादव ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में किराना दुकान संचालित करते हैं। 4 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे वह दुकान खोलकर बैठे थे। सुबह लगभग 8 बजे श्याम रेड्डी, धनराज और उनके अन्य साथी दुकान पहुंचे। उन्होंने चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट लिया।
जब दुकानदार ने सामान के पैसे मांगे तो आरोपियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान श्याम रेड्डी ने चाकू निकालकर मेजर यादव को धमकाया और मारने की कोशिश की। इसके बाद श्याम रेड्डी, धनराज और उनके साथियों ने दुकान के गल्ले में रखे 5,100 रुपये जबरन निकाल लिए।
घटना से घबराकर मेजर यादव जान बचाने के लिए दुकान से भाग गए। घटना को लव शर्मा, महावीर साहनी सहित आसपास मौजूद लोगों ने देखा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0245/26 के तहत श्याम रेड्डी, धनराज और उनके अन्य साथियों के विरुद्ध धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।